भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 मुकाबले में 90 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे को 220 रन का लक्ष्य दिया था। जिम्बाब्वे 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई।
हरारे स्पोर्टस क्लब में हुए मुकाबले में 220 रन के बड़े लक्ष्य को हासिल करने उतरी जिम्बाब्वे को ब्रायन बेनेट ने 19 गेंदों पर 32 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम ने लगातार विकेट गंवाए। पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। रियान बर्ल ने 20, विकेटकीपर तदिवानाशे मारुमानी ने 24, और ब्रैड इंवास ने 19 रन बनाए। डियन मायर्स ने 12 रन की पारी खेली। इसके अलावा, कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच सका।
भारत की तरफ से बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे अभिषेक शर्मा ने गेंदबाजी में अपना जौहर दिखाया और 2.5 ओवर में मात्र 17 रन देकर 3 विकेट लिए। अपना डेब्यू कर रहे यश ठाकुर ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 और प्रिंस यादव ने 1.2 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। रवि बिश्नोई, शिवम दुबे और तिलक वर्मा को 1-1 विकेट मिला।