भारत ने रविवार को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे और अंतिम मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय टीम दो बदलाव के साथ इस मैच में उतरी है। प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे को टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू का मौका मिला है, लेकिन 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह नहीं बना सके।
सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। मैं बस हालात का फायदा उठाना चाहता हूं। हम जितनी जल्दी हो सके हालात के हिसाब से ढलना चाहते हैं। हम समझदारी से क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हमारे पास बहुत अनुभवी खिलाड़ी हैं। हमारी टीम में दो बदलाव हैं, सूर्यांश और प्रिंस टीम में आए हैं और अपना डेब्यू कर रहे हैं। शेडगे घरेलू क्रिकेट और आईपीएल, दोनों में ही शानदार क्रिकेटर रहे हैं।"
प्रिंस को लेकर कप्तान ने कहा, "मैं उन पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहता। वह हालात के हिसाब से ढलने में माहिर हैं।"