साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेंट जॉर्ज पार्क में खेले गए मुकाबले में पारी और 31 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान टीम ने 3 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। 179 रन की पारी खेलने वाले साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज का पहला मैच 214 रन से अपने नाम किया था, लेकिन साउथ अफ्रीका ने अगले मैच को जीतकर सीरीज में बराबरी कर ली है। अब सीरीज का अंतिम मैच 27 अक्टूबर से केपटाउन में खेला जाएगा।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद पहली पारी 425/9 के स्कोर पर घोषित की। मुकाबले के शुरुआती 2 दिन बारिश से प्रभावित रहे थे। इस टीम ने 110 के स्कोर तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान टेंबा बावुमा ने मार्को जानसेन के साथ सातवें विकेट के लिए 132 रन जोड़कर टीम को 242 के स्कोर तक पहुंचा दिया।