बाएं हाथ के स्पिनर नसीर खान मारूफखिल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट डेब्यू की पहली ही इनिंग में 7 विकेट चटकाए। इसी के साथ मारूफखिल डेब्यू टेस्ट मैच की पहली पारी में 7 विकेट हासिल करने वाले दूसरे अफगान गेंदबाज बन गए। मारूफखिल के सामने जिम्बाब्वे की पहली पारी सिर्फ 339 रन पर सिमट गई, लेकिन दूसरे दिन की समाप्ति तक अफगानिस्तान ने महज 159 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए हैं।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम पहली पारी में 339 रन पर सिमट गई। इनोसेंट काइया ने बेन करेन के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। बेन 5 बाउंड्री के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद काइया ने ब्रेंडन टेलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की।
टीम को 200 के स्कोर पर इनोसेंट काइया के रूप में दूसरा झटका लगा, जो 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 96 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 291 के स्कोर तक टीम को सातवां झटका लग गया। हालांकि, इस बीच ब्रेंडन टेलर (15 बाउंड्री के साथ 119 रन) ने अंतुम नकवी (8) के साथ 35 रन, जबकि तफाद्जवा त्सिगा (20) के साथ छठे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की।