भारत-ए टीम ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में दबाव की स्थिति में है। क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर जारी मैच में जीत के लिए 365 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 1 विकेट गंवाकर 28 रन बनाए हैं। यहां से उसे अंतिम दिन जीत के लिए 337 रन की दरकार है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी में 358 रन बनाए। टीम ने 16 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद जेसन संघा (46) ने नाथन मैकस्वीनी (34) के साथ चौथे विकेट के लिए 81 रन जुटाकर टीम को संभाला।
मेजबान टीम को 104 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा, जिसके बाद सैम हार्पर (128) ने लियाम स्कॉट (34) के साथ 84 रन, जबकि टॉड मर्फी (33) के साथ 89 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचा दिया। इसके बाद सैम हार्पर ने झाय रिचर्डसन (31) के साथ आठवें विकेट के लिए 53 रन जोड़े। भारतीय खेमे से अंशुल कंबोज, नचिकेत भूटे और शम्स मुलानी ने 3-3 विकेट झटके।