न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हराया। टीम इंडिया से मिले 192 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने आसानी से 18 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिन एलन महज 2 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद टिम सीफर्ट ने डेरिल मिचेल संग मिलकर दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 73 रन जोड़े। मिचेल 16 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए। सीफर्ट बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
सीफर्ट को इस सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले ग्लेन फिलिप्स के रूप में बढ़िया जोड़ीदार मिला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 86 रनों की साझेदारी निभाई। सीफर्ट अपने शतक से चूक गए और 50 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और 5 छक्के लगाए।