भारत के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर मुरली कार्तिक का मानना है कि शनिवार से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही टेस्ट सीरीज भारत के स्पिन गेंदबाजों की अगली पीढ़ी को तैयार करने के लिए बहुत अहम होगी, क्योंकि अनुभवी बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपने इंटरनेशनल करियर के आखिरी दौर में हैं।
रोहित शर्मा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और रविचंद्रन अश्विन जैसे खिलाड़ियों के संन्यास लेने के बाद, भारत की टेस्ट टीम एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। हालांकि, जडेजा अभी भी टीम में हैं, लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल तक पहुंचने की भारत की कोशिश इस बात पर भी निर्भर करेगी कि कुलदीप यादव, मानव सुथार और नए खिलाड़ी सारांश जैन गॉल और कोलंबो में कैसा प्रदर्शन करते हैं।
मुरली कार्तिक ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम में 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "सबसे पहले, अगर हम टेस्ट क्रिकेट को लेकर गंभीर हैं, तो यह एक अहम दौरा है, न सिर्फ स्पिनरों के नजरिए से, बल्कि डब्ल्यूटीसी के नजरिए से भी। हाल के समय में लाल गेंद की क्रिकेट में नंबर पांच पर हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है, यह बात सब जानते हैं और इसका रिकॉर्ड भी मौजूद है।"