वेस्टइंडीज ने पहले टी20 इंटनरेशनल मुकाबले में श्रीलंका को 7 विकेट से हराया। किंगस्टन के सबीना पार्क में श्रीलंका से मिले 148 रनों के लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने 19.2 ओवर में आसानी से सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत दमदार रही। पहले विकेट के लिए कप्तान होप ने ब्रैंडन किंग के साथ मिलकर 6.2 ओवर में 67 रन जोड़े। किंग ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे शिमरोन हेटमायर ने आगाज तो शानदार अंदाज में किया, लेकिन वह 9 गेंदों में 17 रन बनाने के बाद वानिंदु हसरंगा का शिकार बने।
होप ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 65 रनों की कप्तानी पारी खेली और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे। होप ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए। रोस्टन चेज ने 26 गेंदों में 16 रन बनाए, तो रोवमैन पॉवेल 6 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक 2 विकेट वानिंदु हसरंगा ने चटकाए।