T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराया। हालांकि, शिवम दुबे का प्रदर्शन गेंदबाजी में निराशाजनक रहा। शिवम टी20 विश्व कप में भारत की ओर से सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
शिवम ने अपने 2 ओवर के स्पेल में कुल 46 रन खर्च किए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शिवम को मैच में पहली बार गेंद 15वें ओवर में सौंपी। इस ओवर में शिवम ने कुल 26 रन खर्च किए। यह भारत की ओर से टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी गेंदबाज द्वारा डाला गया सबसे महंगा ओवर रहा। इससे पहले साल 2007 में युवराज सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए एक ओवर में 25 रन खर्च किए थे। शिवम लय से भटके हुए नजर आए, जिसका भरपूर फायदा जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने उठाया।
भारत से मिले 257 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से ब्रायन बेनेट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली। हालांकि, बेनेट को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। बेनेट के अलावा कप्तान सिकंदर रजा ने 31 रनों का योगदान दिया।