विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। शानदार फॉर्म में चल रही बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड क्वाड इंजरी (जांघ की मांसपेशी में चोट) की वजह से अगले तीन मैच नहीं खेल सकेंगी। लिचफील्ड पिछले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हुई थीं।
लिचफील्ड ने शनिवार को साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 24 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 50 रन की पारी खेली थी। वह बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले का हिस्सा नहीं हैं। ऑलराउंडर एशले गार्डनर भी पैर में मोच के कारण यह मैच नहीं खेल रही हैं।
23 वर्षीय फोएबे लिचफील्ड के लिए यह एक नई चोट है। टूर्नामेंट से पहले भी उन्हें उसी पैर में क्वाड की समस्या थी, जिसके कारण वे कार्डिफ में दोनों वार्म-अप मैच नहीं खेल सकीं। आशंका है कि लिचफील्ड नीदरलैंड (20 जून) और पाकिस्तान (23 जून) के खिलाफ आगामी मैच भी नहीं खेल सकेंगी, लेकिन 28 जून को लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के बड़े मुकाबले के लिए वापसी कर सकती हैं।