साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 अक्टूबर से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। कैमरून ग्रीन डरबन में होने वाले सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल सकेंगे। हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने इसकी पुष्टि की है।
कैमरून ग्रीन को साउथ अफ्रीका के विरुद्ध वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले के दौरान शॉट खेलते हुए पेट की मांसपेशियों में खिंचाव आया था। वह ऑस्ट्रेलिया के दो दिवसीय वार्म-अप मैच में शामिल नहीं हो पाए थे और उन्हें सिर्फ हल्की-फुल्की फिजिकल कंडीशनिंग तक ही सीमित रखा गया था।
किंग्समीड में ऑस्ट्रेलिया के पहले पूरे ट्रेनिंग सेशन से पहले मैकडोनाल्ड ने कहा कि ग्रीन की रिकवरी अच्छी हो रही है, लेकिन वे डरबन टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। 'क्रिकइन्फो' के अनुसार, मैकडोनाल्ड ने कहा, "सब कुछ देखते हुए उनकी रिकवरी काफी अच्छी हो रही है। वे अभी भी यहां हैं, जिसका मतलब है कि उम्मीद की किरण बाकी है। अब बस रिहैब की प्रक्रिया से गुजरना है।"