टी20 क्रिकेट का कम समय इसके वैश्विक बनने और ओलंपिक में वापसी की वजह: रविचंद्रन अश्विन (Image Source: IANS)
भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि टी20 क्रिकेट ने उस फॉर्मेट के तौर पर अपनी जगह पक्की कर ली है जो इस खेल के भविष्य को तय करेगा। दिग्गज क्रिकेटर ने कहा कि वनडे फॉर्मेट के भविष्य पर संशय है।
गुरुवार को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) 2026 प्लेयर ड्राफ्ट के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान, डबलिन गार्डियंस के कप्तान और मेंटर अश्विन ने कहा कि टी20 का कम समय इसे क्रिकेट के दुनिया भर में फैलने और ओलंपिक खेलों में इसकी वापसी के लिए एक आदर्श जरिया बनाता है।
क्या उभरते देशों में क्रिकेट के विकास के लिए सिर्फ टी20 पर फोकस होनी चाहिए या दूसरे फॉर्मेट पर भी उतना ध्यान दिया जाना चाहिए? इस सवाल के जवाब में अश्विन ने कहा कि खिलाड़ियों को अलग-अलग हालात के हिसाब से ढलने की कला में माहिर होना चाहिए, चाहे वे कोई भी फॉर्मेट खेलें।