भारतीय क्रिकेट टीम ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे में 9 विकेट से जीत दर्ज की। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने पहली वनडे सीरीज जीती। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज 3-0 से जीती। शुभमन गिल की भारतीय टीम को विजेता बनाने में अहम भूमिका रही और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
गिल ने पहले मैच में अर्धशतक और दूसरे मैच में शतक लगाकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था। चेन्नई वनडे में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। भारतीय टीम की जीत के बाद प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार लेते हुए गिल ने तीसरे वनडे पर बात की। उन्होंने कहा, "गुरनूर और प्रसिद्ध का पहला स्पेल शानदार था। उस हालात में वैसी गति लाना आसान नहीं था, लेकिन वे अपनी कोशिश करते रहे। मैंने प्रसिद्ध से छठे ओवर के लिए भी पूछा था, लेकिन तब तक वे थक गए थे।"
गिल ने कहा कि हमने सीरीज के लिए बहुत सी चीजें सोची थीं और उस पर हम काम कर पाए। हमने बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाए। हम एक गेंदबाजी और बल्लेबाजी यूनिट के तौर पर बीच के ओवरों में अपने लिए मौके बनाने में सफल रहे।