भारत की पूर्व क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति का मानना है कि आने वाले विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) सीजन से पहले श्वेता सेहरावत का यूपी वॉरियर्स से मुंबई इंडियंस में जाना इस युवा बल्लेबाज को अपना नैचुरल खेलने का मौका दे सकता है।
वेदा ने जियोस्टार को बताया, "मैं श्वेता सेहरावत के मुंबई इंडियंस में शामिल होने से बहुत खुश हूं क्योंकि यह एक ऐसी टीम है जो उसे अपना नैचुरल गेम खेलने की आजादी देगी। उसकी पिछली टीम में, रन बनाने की जिम्मेदारी पूरी तरह से उसके कंधों पर थी, और उसके आस-पास के बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे रहे थे, जिससे श्वेता पर ज्यादा दबाव पड़ा और उसके गेम पर असर पड़ा। अब जब वह मुंबई के साथ है, तो उसे बेस्ट से सीखने और एक युवा के तौर पर ठीक से विकसित होने का मौका मिलेगा।"
वेदा को लगा कि श्वेता की शुरुआती कामयाबियों ने उम्मीदें काफी बढ़ा दी थीं, जिससे युवा खिलाड़ी के लिए अपनी भूमिका में सेटल होने और अपनी रफ्तार से विकसित होने की बहुत कम गुंजाइश बची।