भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच शुक्रवार की शाम को 7 बजे से खेला जाना है। इस मैच से स्मृति मंधाना भारतीय महिला टीम के पूर्णकालिक कप्तान के रूप में अपने सफर का आगाज करेंगी।
कप्तान बनने के बाद अपने पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंधाना ने लीडरशिप में बदलाव के बारे में बात करते हुए कहा, "हमारी सोच अगले दो-तीन साल में भारतीय क्रिकेट को आगे कैसे बढ़ाएं, इस पर केंद्रीत है। हमारे पास बहुत सारे बड़े टूर्नामेंट आने वाले हैं।"
मंधाना इस बात को पूरी तरह नकारती हैं कि यह भारतीय क्रिकेट का नया दौर है। पिछले 10 साल से उपकप्तान रहते हुए वह नेतृत्व के काफी करीब रही हैं और पूर्व में कई मौकों पर भारतीय टीम को लीड कर चुकी हैं। उनका मानना है कि टीम को आगे ले जाने के लिए निरंतरता जरूरी होगी।