क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि कॉम्प्लीमेंट्री (निःशुल्क) टिकट मूल्य वाले टिकटों से अलग वितरित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ये टिकट संबद्ध इकाइयों, सरकारी प्रतिनिधियों, मंत्रियों, राज्य क्रिकेट संघों, आईसीसी तथा बीसीसीआई के पूर्व और वर्तमान अध्यक्षों को आवंटित किए जाते हैं।
सौरव गांगुली ने गुरुवार को कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "वर्ल्ड कप के टिकटों के मामले में राज्य संघों को बताया जाता है कि उन्हें कैसे काम करना है। वर्ल्ड कप के दौरान स्टेडियम एग्रीमेंट होते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सभी होस्टिंग एसोसिएशन को ये एग्रीमेंट भेजते हैं। पिछले वर्ल्ड कप में ईडन गार्डन, बंगाल, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद और शायद कुछ और जगहें शामिल थीं। जो भी एसोसिएशन वर्ल्ड कप होस्ट करता है, उसे वही स्टेडियम एग्रीमेंट मिलता है। प्रत्येक एसोसिएशन को उन स्टेडियम एग्रीमेंट का पालन करना होता है।"
"पिछले वर्ल्ड कप के दौरान मेंबरशिप टिकटों को लेकर चर्चा हुई थी। बीसीसीआई की तरफ से जारी और कैब को पालन करने के लिए दिए गए स्टेडियम एग्रीमेंट के शेड्यूल 5, क्लॉज ए में स्पष्ट तौर पर लिखा है: किसी भी तरह के शक से बचने के लिए, किसी भी खास अलॉटमेंट या प्राथमिकता वाली पहुंच की इजाजत नहीं होगी। इसमें लाइफ मेंबर, ऑनरेरी मेंबर या किसी भी दूसरी कैटेगरी के मेंबर शामिल हैं। ऐसे सभी लोगों को सभी मैचों के लिए टिकट सिर्फ आधिकारिक तय तरीके से ही खरीदने होंगे, जिसमें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या ऐसे ही दूसरे तरीके शामिल हैं, और ये टिकट 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर ही मिलेंगे, तो मैच की मेजबानी करने के लिए यह एक निर्देश और गाइडलाइन है।"