युवा मामले और खेल मंत्रालय ने हॉकी इंडिया मैनेजमेंट को भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान असुंता लाकड़ा के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया है। लाकड़ा ने झारखंड के एक कोच पर युवा महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इसके साथ ही लाकड़ा का आरोप है कि उन्हें फेडरेशन के सचिव ने डराया-धमकाया।
मंत्रालय ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की से कहा है कि वे पूर्व भारतीय कप्तान के भेजे ई-मेल पर ध्यान दें और उसे फेडरेशन की इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी (आईसीसी) के सामने रखें।
निर्देश में कहा गया है, "अनुरोध है कि असुंता लाकड़ा के ई-मेल में उठाए गए मुद्दों को 'कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013' के प्रावधानों के तहत हॉकी इंडिया की तरफ से गठित इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी (आईसीसी) के सामने विचार और उचित कार्रवाई के लिए रखा जाए। इसके नतीजे की जानकारी मंत्रालय को दी जाए।"