भारत के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बुधवार को श्रीलंका क्रिकेट ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। चोट के चलते कुशल मेंडिस और पाथुम निसांका सीरीज के पहले टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
16 सदस्यीय टीम की कमान ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा को सौंपी गई है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। मेंडिस को 19 जुलाई को कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) मैच के दौरान कैंडी रॉयल्स के खिलाफ कोलंबो कैप्स के लिए रन लेते समय दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी और वह नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं।
वहीं, निसांका पिछले महीने लंदन में हुई कलाई की सर्जरी से उबर रहे हैं। इन दोनों के उपलब्ध न होने पर, चयनकर्ताओं ने अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को वापस बुलाया है, जिन्होंने आखिरी बार 2023 में टेस्ट मैच खेला था। बाएं हाथ के बल्लेबाज डिकवेला के पास 54 टेस्ट खेलने का अनुभव है, जिसके कारण उन्हें अंजला बंदारा पर प्राथमिकता दी गई है। बंदारा ने कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर भारत के खिलाफ वार्मअप मैच में हिस्सा लिया था।