वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का दूसरा दिन भी मेहमान टीम के नाम रहा। 9 विकेट खोकर 549 रन बनाने के बाद श्रीलंका ने अपनी पहली पारी को घोषित किया। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट खोकर 58 रन बना लिए हैं।
श्रीलंका की ओर से दूसरे दिन कुशल मेंडिस और सोनल दिनुशा ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 143 रनों की अहम साझेदारी निभाई। मेंडिस ने 115 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और तीन छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। वहीं, सोनल अपने शतक से चूक गए और 92 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान सोनल ने 12 चौके लगाए।
मिलन रत्नायके ने 43 गेंदों का सामना करते हुए 15 रनों का योगदान दिया, जबकि प्रभात जयसूर्या 17 रन बनाकर नाबाद रहे। डेब्यू मुकाबले में इसिथा विजेसुंदरा ने 14 रन बनाए। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की ओर से जेडन सील्स और शेमार जोसेफ ने सर्वाधिक 2-2 विकेट चटकाए। वहीं, अल्जारी जोसेफ, जस्टिन ग्रीव्स और रोस्टन चेज ने एक-एक विकेट निकाला।