श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला की टीम में वापसी के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच मुश्किल है, ऐसे में टीम को अच्छे विकेटकीपर की आवश्यकता होगी।
डिकवेला का चयन श्रीलंका में काफी विवाद का विषय बन गया है। 96 टेस्ट पारियों में डिकवेला का बल्लेबाजी औसत सिर्फ 31 का रहा है। आलोचक सवाल उठा रहे हैं कि चोटिल कुसल मेंडिस की जगह सदीरा समरविक्रमा और अनकैप्ड अंजला बंडारा जैसे घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नजरअंदाज क्यों किया गया।
श्रीलंकाई कप्तान ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "निरोशन डिकवेला से मुझे बस यही कहना है कि वे अच्छी विकेटकीपिंग करें। इसी वजह से उन्हें टीम में रखा गया है। पिछले कुछ वर्षों में डिकवेला को टेस्ट टीम से बाहर रहना पड़ा है, क्योंकि कुसल मेंडिस नंबर 7 पर खेलने लगे थे और उन्होंने वहां अच्छा प्रदर्शन किया था, इसी कारण डिकवेला को वापसी का मौका नहीं मिला। हालांकि, जब आप गॉल में खेलते हैं, तो सबसे जरूरी बात यह होती है कि सबसे अच्छी विकेटकीपिंग करने वाला खिलाड़ी खेले।"