श्रीलंका क्रिकेट ने एशिया कप के लिए महिला टीम का ऐलान कर दिया है। तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या, चेतना विमुक्ति और ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर डेवमी विहंगा की टीम में वापसी हुई है।
महिला एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर के बीच यूएई में होना है। मिताली, चेतना और विहंगा हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थीं। श्रीलंकाई टीम इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने में सफल रही थी। इन तीनों खिलाड़ियों को निमाशा मीपेज, मल्की मदारा और रश्मिका सेववंडी की जगह पर टीम में शामिल किया गया है।
इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में श्रीलंका डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान पर उतरेगी। टीम ने साल 2024 में इस खिताब को अपने नाम किया था। अनुभवी बैटिंग ऑलराउंडर चमारी अटापट्टू 15 सदस्यीय मजबूत श्रीलंकाई टीम की कप्तानी करेंगी, जबकि बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा को उप-कप्तान बनाया गया है। डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका को ग्रुप बी में बांग्लादेश, मेजबान यूएई और पहली बार खेल रही इंडोनेशिया के साथ रखा गया है।