ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने एशेज सीरीज 2027 खेलने को लेकर अनिश्चितता जताई है, जिसका आयोजन इंग्लैंड में होगा। स्मिथ ने बताया कि वह फिलहाल अपने टेस्ट करियर को सीरीज-दर-सीरीज आगे बढ़ा रहे हैं, जबकि उनका लक्ष्य 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में हिस्सा लेना भी है।
37 वर्षीय स्मिथ अभी यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) में एम्स्टर्डम फ्लेम्स की तरफ से खेल रहे हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने टेस्ट करियर में 125 मैच खेलते हुए 37 शतक लगाए हैं। वह फिलहाल इंग्लैंड के हैरी ब्रूक के बाद पुरुषों की टेस्ट रैंकिंग में दूसरे नंबर के बल्लेबाज हैं।
स्मिथ ने सोमवार को 'द टेलीग्राफ' से कहा, "मुझे अभी यह भी नहीं पता कि मैं तब वहां रहूंगा या नहीं। मैं सीरीज-दर-सीरीज सोच रहा हूं, जैसा कि मैं कुछ समय से कर रहा हूं, और वह समय अभी मेरे लिए काफी दूर है। मैं वहां जीतना चाहूंगा या वहां जीत चुका होता, लेकिन देखते हैं कि क्या ऐसा हो पाता है। अभी शायद ओलंपिक्स ही (लक्ष्य के तौर पर) है, जिसका हिस्सा बनने की कोशिश करनी है। यहां एम्स्टर्डम के साथ खेलने की एक वजह यह भी थी कि मैं जितना हो सके टी20 क्रिकेट खेलना जारी रख सकूं।"