भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरे वनडे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 8 विकेट से रौंदा। बीसीए स्टेडियम में जिम्बाब्वे से मिले 132 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने आसानी से सिर्फ 17 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यास्तिका भाटिया पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए हरलीन देओल और प्रतिका रावल ने मिलकर 59 रन जोड़े। हरलीन 19 रन बनाकर आउट हुईं। प्रतिका को शेफाली के रूप में एक और बढ़िया जोड़ीदार मिली। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 50 गेंदों में 74 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए भारतीय टीम को शानदार जीत दिलाई।
प्रतिका 56 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, शेफाली वर्मा ने सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की धमाकेदार पारी खेली। शेफाली ने अपनी इस इनिंग में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। शेफाली ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया। जिम्बाब्वे की तरफ से नोमवेलो सिबांडा और लोरिन फिरी ने एक-एक विकेट चटकाया।