आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 776 रन बनाकर पूरे विश्व में अपनी प्रतिभा का करिश्मा बिखरने वाले 15 साल बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर आईआईएम इंदौर अध्ययन करने जा रहा है। संस्थान के निदेशक हिमांशु राय ने कहा है कि उनका लक्ष्य ऐसे अद्भुत क्षमता वाली प्रतिभाओं को अपने पथ से भटकने से रोकना है।
आईएएनएस से खास बातचीत में हिमांशु राय ने कहा, "हमने देखा है कि बहुत ही कम उम्र में अद्भुत और अद्वितीय प्रतिभा कई बच्चों के पास देखी गई है। वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल की उम्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो ख्याति हासिल की वह असाधारण है। अपने अध्ययन में हम यह जानने की कोशिश करेंगे कि वह कौन से कारक हैं जिसकी वजह से उनके अंदर यह असाधारण प्रतिभा आई है।"
हिमांशु राय ने कहा, "मनोविज्ञान और सामाजिक विज्ञान के मुताबिक 3 चीजों से ये चीजें निर्धारित होती हैं। पहला व्यक्तित्व होता है जो आनुवंशिक होता है। दूसरा आस-पास का माहौल होता है जिसमें परिवार का समर्थन, रहन-सहन और प्रशिक्षण आता है। तीसरा यह है कि उसने स्वत: क्या किया है। अगर इसे एक फॉर्मूले में बना दिया जाए तो प्रदर्शन योग्यता, अवसर और गतिशीलता पर निर्भर है।"