भारतीय क्रिकेट टीम में हर दौर में कोई न कोई ऐसा बल्लेबाज रहा जिसने अपनी करिश्माई बल्लेबाजी से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। सुनील गावस्कर का नाम भी ऐसे ही बल्लेबाजों में शुमार है।
टेस्ट क्रिकेट के महानतम सलामी बल्लेबाजों में शुमार किए जाने वाले सुनील गावस्कर का जन्म 10 जुलाई 1949 को मुंबई में हुआ था। गावस्कर ने स्कूल के समय में ही क्रिकेट के क्षेत्र में कुछ बड़ा करने का लक्ष्य बना लिया था। 1966 में वह अपने स्कूली जीवन के आखिरी समय में थे, जब उन्होंने 246, 222 और 85 रन की पारी खेल न सिर्फ मुंबई क्रिकेट बल्कि पूरे देश में अपना नाम बना लिया था। इस प्रदर्शन की वजह से उन्हें 1966 में बेस्ट स्कूल बॉय क्रिकेटर ऑफ द ईयर का सम्मान दिया गया था।
1966-67 सत्र में उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया। लगातार 4 साल घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद, उन्हें 1971 में भारतीय टीम के लिए टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला था।