New Chandigarh: इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर ग्रीम स्वान ने डेब्यूटेंट मानव सुथार को सराहा है। 23 वर्षीय बाएं हाथ के भारतीय स्पिनर ने रविवार को महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के विरुद्ध टेस्ट मैच में 3 विकेट लेकर भारत की पकड़ मजबूत करने में मदद की।
मुकाबले के दूसरे दिन सुथार ने 15.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इस दौरान 7 मेडन ओवर भी फेंके। भारत ने अपनी पहली पारी 564/8 पर घोषित की, जिसके बाद दूसरे दिन की समाप्ति तक अफगानिस्तान ने महज 113 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। मेहमान टीम अभी भी 451 रन पीछे है और फॉलो-ऑन से बचने के लिए उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
स्वान के अनुसार, सबसे खास बात सुथार का अपने स्पेल की शुरुआत से ही शांत रहना और हालात के हिसाब से समझदारी से बदलाव करने की क्षमता थी। स्वान ने 'जियो हॉटस्टार' से कहा, "मानव सुथार का प्रदर्शन शानदार था, क्योंकि अपने टेस्ट करियर की पहली ही गेंद से वे पूरी तरह नियंत्रण में नजर आए। किसी भी नए स्पिनर के लिए घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्होंने तुरंत सही जगह पर गेंद डाली, गेंद को बेहतरीन तरीके से घुमाया और उसमें 'डिप' और 'टर्न' दोनों हासिल किए।"