अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को 'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी' के लिए दिल्ली की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है, जबकि अनुभवी बाएं हाथ के बल्लेबाज नीतीश राणा को बाहर रखा गया है। बैटिंग ऑलराउंडर आयुष बडोनी कप्तानी करेंगे।
शुक्रवार दोपहर डीडीसीए परिसर में सीनियर पुरुष चयन समिति की बैठक में खिलाड़ियों का ऐलान किया गया। इस बैठक में चयनकर्ता के. भास्कर पिल्लई, मनु नायर और प्रवीण गुप्ता के साथ-साथ मुख्य कोच विजय दहिया, क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के अध्यक्ष सरनदीप सिंह और डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा मौजूद थे।
इशांत का चयन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि 100 से अधिक टेस्ट मैच खेल चुका यह सीनियर तेज गेंदबाज दिल्ली के लिए घरेलू 'व्हाइट-बॉल' क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहता है। उनका अनुभव मयंक यादव, हर्षित राणा और सिमरजीत सिंह जैसे अन्य तेज गेंदबाजों के लिए भी काफी मददगार साबित हो सकता है।