सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के ग्रुप ए मुकाबले में उत्तर प्रदेश की भिड़ंत राजस्थान के साथ हो रही है। उत्तर प्रदेश की ओर से समीर रिजवी ने शरद पवार इंडोर क्रिकेट अकादमी बीकेसी के मैदान पर ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 74 रनों की आतिशी पारी खेली।
समीर रिजवी जब बल्लेबाजी करने उतरे तो उत्तर प्रदेश की टीम 69 रनों के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। समीर ने सिद्धार्थ यादव के साथ मिलकर टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 32 गेंदों में 48 रन जोड़े। सिद्धार्थ के आउट होने के बाद भी समीर एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने रनगति को बनाए रखा। समीर ने सिर्फ 35 गेंदों का सामना करते हुए 74 रनों की आतिशी पारी खेली।
समीर ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 7 छक्के लगाए। समीर द्वारा 211 के स्ट्राइक रेट से खेली गई तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत उत्तर प्रदेश की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 171 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही। राजस्थान की तरफ से गेंदबाजी में मानव सुथार और राहुल चाहर ने दो-दो विकेट चटकाए, हालांकि राजस्थान ने 172 रनों के लक्ष्य को आसानी से 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।