सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया। टीम ने एकतरफा मुकाबले में हैदराबाद को 7 विकेट से हराया। जीत के बाद सूर्यकुमार ने अपने सोशल मीडिया पर एक आत्मविश्वास से भरी पोस्ट लिखी है।
हैदराबाद के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेलकर सूर्यकुमार ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की है। शनिवार को कोलकाता के जाधवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस के दूसरे ग्राउंड में खेले गए ग्रुप डी मुकाबले में मुंबई ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। इसके बाद सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर मैच की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "मैदान अलग, काम वही। लड़कों के साथ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की अच्छी शुरुआत। आगे और ऊपर की ओर।"
36 वर्षीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। उनकी इस पारी की मदद से मुंबई ने हैदराबाद के 172 रनों के लक्ष्य को केवल 13.1 ओवर में हासिल कर लिया। उनकी पारी में पांच छक्के और छह चौके शामिल रहे और उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।