Deepti Sharma vs South Africa: साउथ अफ्रीका में खेली जा रही 5 टी-20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में भारत की लगातार हार का सिलसिला खत्म हो गया है। सीरीज के पहले तीन मैच गंवा चुकी भारतीय टीम ने चौथे मैच में दीप्ति शर्मा के बल्ले और गेंद से किए बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर साउथ अफ्रीका को 14 रन से हराया।
साउथ अफ्रीका से पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण मिलने के बाद भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 185 रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं जेमिमा रोड्रिग्स ने 29 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेली।
भारतीय टीम को 185 तक पहुंचाने में छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं दीप्ति शर्मा और सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं ऋचा घोष का अहम योगदान रहा। दोनों ने नाबाद रहते हुए 38 गेंदों में 65 रन की साझेदारी की। दीप्ति ने 26 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 36 और ऋचा ने 18 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 34 रन बनाए।