वेस्टइंडीज की महिला टीम ने सोमवार को ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
जिम्बाब्वे को वनडे सीरीज में 2-1 से मात देने के बाद वेस्टइंडीज ने टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 8 विकेट से जीता था। अब टी20 सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 7 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाना है।
हरारे में सोमवार को खेले गए दूसरे टी20 मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 7 विकेट खोकर 106 रन बनाए। केलिस न्धलोवु ने बेलोवेड बीजा के साथ पहले विकेट के लिए 50 गेंदों में 46 रन की साझेदारी की। न्धलोवु 28 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 25 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद बीजा ने चिपो मुगेरी-तिरिपानो के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 रन जुटाकर टीम को 78 के स्कोर तक पहुंचाया।