T20 World Cup: टी20 विश्व कप सुपर-8 में शुक्रवार को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आर. प्रेमदासा स्टेडियम में एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। पाकिस्तान क्रिकेट टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद को जिंदा रखने के लिए जरूरी था कि ये मैच इंग्लैंड जीते और हुआ भी ऐसा ही। इंग्लैंड ने 4 विकेट से ये मैच जीत लिया। इंग्लैंड की इस जीत ने पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह बनाने का एक और मौका दे दिया है।
इंग्लैंड की इस जीत में पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी रेहान अहमद की बड़ी भूमिका रही। रेहान आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे। उस समय इंग्लैंड को न्यूजीलैंड से जीतने के लिए 19 गेंदों पर 43 रन की जरूरत थी। क्रीज पर विल जैक्स पहले से मौजूद थे। जैक्स अच्छी बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन रेहान गेंदबाज हैं, इसलिए उनसे इतनी ही उम्मीद थी कि वे जैक्स का साथ दें।
रेहान ने साथ देने की जगह क्रीज पर उतरते ही विपक्षी गेंदबाजों पर आक्रमण करना शुरू कर दिया। रेहान ने मात्र 7 गेंदों पर 2 छक्कों और 1 चौके की मदद से नाबाद 19 रन बनाकर इंग्लैंड को 3 गेंद पहले जीत दिला दी। इस जीत ने इंग्लैंड के साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम और उनके करोड़ों फैंस को खुश कर दिया। रेहान ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 3 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए।