T20 World Cup: पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में भले ही श्रीलंका को 5 रन से करीबी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन कप्तान दासुन शनाका कप्तान के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए।
सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे दासुन शनाका ने 31 गेंदों में 8 छक्कों और 2 चौकों के साथ 76 रन की नाबाद पारी खेली। इसी के साथ दासुन ने बतौर कप्तान टी20 वर्ल्ड कप में 21 छक्के पूरे किए। वह कप्तान के रूप में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में टॉप पर पहुंच गए हैं।
इस मामले में शनाका ने भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पछाड़ दिया है, जिन्होंने 19 छक्के लगाए थे। वहीं, क्रिस गेल और जोस बटलर 17-17 छक्कों के साथ लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। महेंद्र सिंह धोनी 16 छक्कों के साथ चौथे पायदान पर हैं।