ICC T20 World Cup: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में नामीबिया को 93 रन से रौंदा। इसी के साथ टीम इंडिया ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है।
भारत (+3.050 नेट रन रेट) लगातार दूसरी जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान (+0.932) शुरुआती दोनों मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है। इस ग्रुप में नीदरलैंड (+0.356), यूएसए (-1.525) और नामीबिया (-2.884) क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। यह टूर्नामेंट में टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत रही। इससे पहले भारत ने यूएसए को 29 रन से हराया था।
अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए। भारत ने 25 के स्कोर तक संजू सैमसन (22) का विकेट खो दिया था। यहां से ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 79 रन की साझेदारी करते हुए भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया।