T20 World Cup: यूएसए ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 26वें मुकाबले में नामीबिया को जीत के लिए 200 रन का विशाल लक्ष्य दिया है। ग्रुप-ए में मौजूद यूएसए की टीम 3 में से 1 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर है। यह टीम इस जीत के साथ सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखना चाहेगी।
रविवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूएसए की टीम ने कप्तान मोनांक पटेल और संजय कृष्णमूर्ति की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 4 विकेट खोकर 199 रन बनाए।
कप्तान मोनांक पटेल ने शायन जहांगीर के साथ 6.5 ओवरों में 68 रन की साझेदारी की। शायन 18 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान ने सैतेजा मुक्कमल्ला के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 89 के स्कोर तक पहुंचाया। मोनांक ने 30 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 52 रन बनाए, जबकि मुक्कमल्ला ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।