T20 World Cup: भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले ने इतिहास रच दिया है। यह टी20 इतिहास में सबसे ज्यादा स्ट्रीम किया गया मैच बन गया है। इस मुकाबले को 619 मिलियन व्यूज मिले, जिसके साथ इसने भारत-साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिसे 533 मिलियन व्यूज मिले थे।
भारत और इंग्लैंड के बीच इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर सिर्फ 246 रन ही बना सकी।
भारत के लीडिंग स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार ने इस हाई-स्टेक्स मुकाबले के दौरान 65.2 मिलियन पीक कॉन्करेंट व्यूअर्स का रिकॉर्ड बनाया, जो दुनिया के किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव इवेंट के लिए अब तक की सबसे ज्यादा कॉन्करेंसी का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है।