T20 World Cup: 7 मैचों में सिर्फ 62 रन... टी20 इंटरनेशनल में अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए मशहूर जोस बटलर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में बटलर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
दरअसल, खराब फॉर्म इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज का पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही है। बटलर अब तक इस टूर्नामेंट में एक बार भी 30 रनों का आंकड़ा नहीं छू सके हैं। 26, 21, 3, 3, 7, 2, और 0, टूर्नामेंट में यह बटलर का अब तक का प्रदर्शन रहा है। पांच मैचों में इंग्लिश बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में बटलर से धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद थी। हालांकि, उन्होंने एक बार फिर हर किसी को निराश किया। उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पहले ही बना ली है। हालांकि, बटलर की हालिया फॉर्म टीम के लिए चिंता का सबब बन गई है। बटलर की खराब फॉर्म की वजह से कप्तान हैरी ब्रूक और बाकी बल्लेबाज अधिक दबाव महसूस कर रहे हैं।