T20 World Cup: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। भारतीय टीम ने गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया। भारतीय टीम ने कुल चौथी और लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल किया है। हालांकि, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह की खराब फॉर्म टीम के लिए सिरदर्द बन गई है।
इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में वरुण ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 64 रन खर्च किए थे और उनके खाते में सिर्फ एक विकेट आया था। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ 'करो या मरो' मैच में भी वरुण काफी महंगे साबित हुए थे। वरुण ने 4 ओवर में 40 रन दिए थे और सिर्फ एक ही विकेट निकाल सके थे।
सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी वरुण की कहानी कुछ ऐसी ही रही थी। प्रोटियाज टीम के बल्लेबाजों ने वरुण के 4 ओवर के स्पेल में 47 रन बनाए थे। वरुण के लिए पिछले कुछ मुकाबले बेहद निराशाजनक रहे हैं। सबसे अहम बात यह है कि वरुण बड़ी टीमों और अहम मुकाबलों में छाप नहीं छोड़ सके हैं।