T20 World Cup: इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार को न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। सुपर-8 राउंड के इस मुकाबले में इंग्लिश टीम एक समय पर हार की तरफ बढ़ रही थी। हालांकि, विल जैक्स और रेहान अहमद ने सिर्फ 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए हारी हुई बाजी को पलट दिया। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी इन दोनों बल्लेबाजों की जमकर सराहना की है।
गेंदबाजी में 2 विकेट निकालने के बाद विल जैक्स ने 18 गेंदों में 32 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, रेहान ने 7 गेंदों में 19 रन बनाए और टीम को जीत दिलाकर लौटे।
सुपर-8 राउंड के लगातार तीसरे मैच में मिली जीत से इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक गदगद नजर आए। उन्होंने कहा, "हां, हमने नेट्स में रेहान को देखा है कि वह क्या कर सकते हैं। रेहान बहुत ही अच्छा खेले और उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर जीत को न्यूजीलैंड से छीन लिया। विल जैक्स ने चौथी बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता, जो सबसे ज्यादा है। इसी कारण जैक्स अपने प्रदर्शन से काफी खुश हैं।"