T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में रविवार को टीम इंडिया की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ हो रही है। ईडन गार्डन्स के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 195 रन लगाए। भारत और वेस्टइंडीज में से जो भी इस मुकाबले में जीत दर्ज करेगा, वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत दमदार रही। कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज ने मिलकर पहले विकेट के लिए 8.5 ओवर में 68 रन जोड़े। होप ने 33 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि चेज ने 25 गेंदों का सामना करते हुए 40 रनों की शानदार पारी खेली। शिमरोन हेटमायर ने आगाज तो अच्छा किया, लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। हेटमायर 12 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए।
हालांकि, शेरफेन रदरफोर्ड बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 9 गेंदों में 14 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। रदरफोर्ड के पवेलियन लौटने के बाद रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए महज 35 गेंदों में 76 रनों की अहम साझेदारी निभाई। होल्डर ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 2 चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, पॉवेल ने महज 19 गेंदों में 178 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 34 रन बनाए।