T20 World Cup: भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है। रविवार को इस टूर्नामेंट का हाईवोल्टेज मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से एकतरफा हराया। राजनीतिक जगत से टीम इंडिया को बधाई देने का सिलसिला जारी है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके टीम इंडिया को जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, "आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ यादगार जीत दर्ज करने के लिए इंडियन मेन्स क्रिकेट टीम को बधाई। मेन इन ब्लू ने टीमवर्क, पक्के इरादे और स्किल का शानदार प्रदर्शन किया। आने वाले मैचों के लिए शुभकामनाएं, और उम्मीद है कि टीम इस जीत की लय को आगे भी बनाए रखेगी।"
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, "टीम इंडिया ने सच्चे धुरंधरों की तरह मैदान पर दबदबा बनाया! टीम इंडिया शानदार परफॉर्मेंस, बेहतरीन टीमवर्क और दमदार फिनिश। पाकिस्तान पर शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को बधाई। हमें अपने चैंपियंस पर गर्व है! वर्ल्ड कप के आने वाले मैचों के लिए मेरी शुभकामनाएं।"