T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड के मुकाबले में शुक्रवार को इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। न्यूजीलैंड से मिले 160 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 3 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के बूते हारी हुई बाजी को पलट दिया।
न्यूजीलैंड से मिले 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल सॉल्ट महज 2 रन बनाकर मैट हेनरी का शिकार बने। इसके बाद खराब फॉर्म में चल रहे जोस बटलर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की लड़खड़ाती हुई पारी को संभालने का प्रयास किया और तीसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े।
ब्रूक 24 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बेथेल 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 58 रनों के स्कोर पर 4 विकेट गंवाने के बाद सैम करन और टॉम बैंटन ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े। करन ने 22 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि बैंटन 3 चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। 117 रनों के स्कोर पर 6 विकेट गंवाकर इंग्लैंड की टीम मुश्किल में थी और जीत दूर जाती हुई दिख रही थी।