T20 World Cup: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा टी20 विश्व कप 2026 में अपनी धीमी बल्लेबाजी की वजह से आलोचना का सामना कर रहे थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार को हुए मैच में तिलक ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से आलोचकों को शांत कर दिया है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ तिलक को बल्लेबाजी के लिए तीसरे नंबर की जगह छठे नंबर पर भेजा गया था। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मात्र 16 गेंदों पर 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 44 रन की पारी खेली। तिलक की इस पारी ने न सिर्फ भारत का स्कोर 256 तक पहुंचाया, बल्कि अपना आत्मविश्वास और टीम इंडिया मैनेजमेंट का भरोसा भी हासिल कर लिया।
मैच के बाद तिलक ने कहा, "जब ओपनर अच्छी शुरुआत देते हैं, तो वही कॉन्फिडेंस नंबर 3, 4 और 5 को भी मिलता है। संजू सैमसन ने शानदार शुरुआत की, और सभी ने फिर वैसी ही बल्लेबाजी की। हम पावरप्ले में तीन या चार विकेट गंवाने के बाद भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखना चाहते थे। हम विरोधी गेंदबाजों में यह डर पैदा करना चाहते थे कि हम हर गेंद पर हिट के लिए तैयार हैं।"