ICC T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को जिम्बाब्वे की भिड़ंत दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज से होगी। दोनों टीमों के बीच होने वाले सुपर-8 राउंड के इस मुकाबले की मेजबानी मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम करेगा।
जिम्बाब्वे का प्रदर्शन ग्रुप स्टेज में कमाल का रहा था। टीम ने पहले चरण में ही दो बड़े उलटफेर करते हुए सुपर-8 का टिकट कटाया है। जिम्बाब्वे ने पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराया था। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट टूर्नामेंट में लगातार रन बना रहे हैं।
बेनेट 3 मुकाबलों में अब तक 175 रन बना चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बेनेट ने 48 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, कप्तान सिकंदर रजा बल्ले और गेंद दोनों से लगातार योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में जिम्बाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुजारबानी ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट निकाले हैं। 3 मैचों में ब्लेसिंग अब तक 9 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।