भारतीय महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में शुक्रवार से टेस्ट मैच शुरू हो रहा है। लॉर्ड्स में पहली बार महिला क्रिकेटरों का टेस्ट आयोजित हो रहा है, इसलिए यह ऐतिहासिक है। इंग्लैंड की दिग्गज टैमी ब्यूमोंट का ये आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच है। इस मैच के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है।
भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैमी ब्यूमोंट को अपना अच्छा दोस्त बताया और उन्हें उनकी जिंदगी के अगले दौर के लिए शुभकामना दी।
हरमनप्रीत कौर ने कहा, "टैमी मेरी प्यारी दोस्तों में से एक है, और मैंने उसके साथ बहुत क्रिकेट खेला है। वह बहुत अच्छी इंसान है और एक बहुत अच्छी, प्रतियोगी क्रिकेटर है। मैं उसे ढेर सारी शुभकामनाएं देती हूं। उम्मीद है कि उसकी बाद की जिंदगी में भी वही उत्साह रहे, जो क्रिकेट के मैदान पर उसे मिला।"