टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद, भारत नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में आयरलैंड और इंग्लैंड में लगातार सीरीज हारने के बाद उबरने की कोशिश कर रहा है। भारत के पूर्व स्पिनर मनिंदर सिंह का मानना है कि यह भारतीय टीम के लिए अति-आत्मविश्वास को दूर करने के लिए जरूरी 'रियलिटी चेक' साबित हो सकता है।
मनिंदर ने भारत-जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज के ब्रॉडकास्टर 'फैनकोड' की तरफ से आयोजित एक खास बातचीत में 'आईएएनएस' को बताया, "मुझे लगता है कि हालात (हार में) ने भी भूमिका निभाई। ऐसा इसलिए है क्योंकि हमने भारत में वर्ल्ड कप जीता और भारत में ही आईपीएल खेला। इसलिए, हमारे खिलाड़ी ऐसे हालात में खेलने के आदी हैं। जैसे, अगर आप भारत में खेलने की बात करें, तो गेंद बल्ले पर बहुत अच्छी तरह आती है, लेकिन इंग्लैंड में हालात थोड़े अलग थे। इसलिए, वहां के अनुरूप ढलने में कुछ समय लगा, और इसीलिए उन्हें उन हालात में संघर्ष करना पड़ा। कभी-कभी (इस दौर से गुजरना) अच्छा होता है क्योंकि ऐसी बातें हो रही थीं कि भारत में इतना टैलेंट है कि वे तीन अलग-अलग टीमें बना सकते हैं।
उन्होंने कहा, "तो, लोग अलग तरह से सोचना शुरू करेंगे - कि हम अलग-अलग हालात में जाते हैं और थोड़ा संघर्ष करते हैं, और ऐसे हालात में एक क्रिकेटर खुद को कितनी जल्दी ढाल सकता है? इसे चयनकर्ता भी बारीकी से देखेंगे। एक तरह से, यह अच्छा है कि ऐसा थोड़ा झटका लगा, क्योंकि हमारी बेंच स्ट्रेंथ को लेकर यह अति-आत्मविश्वास था कि हम तीन टीमें बना सकते हैं, वह बहुत ज्यादा था। तो, वे उससे बाहर आएंगे।"