भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में रोहित शर्मा की वापसी से भारत की बल्लेबाजी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि रोहित का अनुभव और शॉर्ट-पिच गेंदबाजी के खिलाफ उनकी कामयाबी का असर तुरंत दिखेगा।
अभिषेक नायर ने जियोस्टार पर कहा, "टी20 सीरीज में भी भारतीय बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती शॉर्ट पिच गेंद थी। रोहित शर्मा ऐसे खिलाड़ी हैं जो शॉर्ट-पिच गेंदबाजी का बखूबी फायदा उठाते हैं और उस पर खूब रन बनाते हैं। अगर आप विदेशी पिचों पर अच्छा खेलते हैं, तो इसकी एक वजह यह है कि आप तेज गेंदबाजी का अच्छे से सामना कर सकते हैं और शॉर्ट गेंद पर रन बना सकते हैं। भारत को शुभमन गिल और रोहित शर्मा दोनों से यही मिलेगा।"
नायर को लगता है कि रोहित की मौजूदगी ही इंग्लैंड को अपनी गेंदबाजी की रणनीति बदलने पर मजबूर कर सकती है। उन्होंने कहा, "इंग्लैंड को अपनी रणनीति बदलनी होगी और उनके खिलाफ अलग तरह से गेंदबाजी करनी होगी। बड़े खिलाड़ी यही करते हैं, वे अपने खेलने का तरीका नहीं बदलते, बल्कि विरोधी टीम को उन्हें टारगेट करने का तरीका बदलने पर मजबूर कर देते हैं। रोहित की वापसी से भारत को निश्चित रूप से फायदा होगा। जब आप बड़ी सीरीज और बड़े टूर्नामेंट में जाते हैं, तो अनुभव आपको आत्मविश्वास देता है।"