भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा वनडे मुकाबला बे ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। हमारा लक्ष्य टारगेट का पीछा करना है। पिच काफी सूखी लग रही है। स्थिति को समझना जरूरी है। हम इस मैच को एक नॉकआउट मुकाबले की तरह ले रहे हैं। ऋतुराज, ईशान किशन और कुलदीप टीम में शामिल हैं।"
टॉस हारने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, "क्रिकेट के लिए आज का दिन बहुत बढ़िया लग रहा है। पिच में पेस और बाउंस होगा। यह पिच थोड़ी सूखी लग रही है। हमारी प्लेइंग इलेवन में छह बदलाव हैं। खिलाड़ियों को मौका मिलना अच्छी बात है। मुझे लगता है कि यह हमारी योजना का ही एक हिस्सा है।" पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम अभी 2-0 से आगे चल रही है। सीरीज का तीसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था।