West Indies: संजू सैमसन ने कहा कि भारत के ओपनर के तौर पर उनकी जिम्मेदारी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लगातार कम स्कोर के बावजूद अपने खेलने के तरीके को बदलने की कोई गुंजाइश नहीं है।
शुक्रवार को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में उन्होंने 41 गेंदों पर 82 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसके दम पर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 249 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही।अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाने वाले सैमसन ने कहा कि उन्हें अपनी तैयारी और ट्रेनिंग पर भरोसा है, साथ ही उन्होंने माना कि सबसे छोटे फॉर्मेट में नतीजे हमेशा खिलाड़ी के हाथ में नहीं होते।
पारी के बाद सैमसन ने कहा, "भारत के लिए खेलने वाले एक प्रोफेशनल क्रिकेटर के तौर पर, आप निश्चित रूप से इसके प्रोफेशनल पहलू का ध्यान रखते हैं। आप अपनी तैयारी करते हैं, प्रैक्टिस करते हैं, ट्रेनिंग करते हैं, और जो कुछ भी आपके हाथ में है, वह सब करते हैं। हालांकि, सच कहूं तो हम सभी जानते हैं कि इस फॉर्मेट में नतीजा आपके हाथ में नहीं होता, लेकिन आगे बढ़ने का बस एक ही तरीका है।"