भारत की पूर्व तेज गेंदबाज निरंजना नागराजन ने उभरती हुई तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के गेंदबाजी एक्शन की तुलना अनुभवी पुरुष तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से की है। उन्होंने क्रांति के शानदार रन-अप की भी तारीफ की। क्रांति की लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ भारत को मिली 270 रन की जीत में यादगार भूमिका रही थी।
निरंजना नागराजन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "एक तेज गेंदबाज के तौर पर यह मेरे लिए बहुत गर्व का पल है कि क्रांति गौड़ का नाम ऑनर बोर्ड पर लिखा गया और यस्तिका का नाम भी शतकवीर के तौर पर वहां आया। हम इन्हीं पलों के लिए क्रिकेट खेलते और देखते हैं। मैंने क्रांति को कुछ साल पहले तब देखा था जब मध्य प्रदेश ने घरेलू वनडे ट्रॉफी जीती थी।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगा कि यह लड़की आगे बढ़ेगी। इसमें देश का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता है। इसकी वजह उसके रन-अप का शानदार होना था। उसके एक्शन को देखते हुए गलती की गुंजाइश बहुत कम है। निश्चित रूप से, उसे बस सही लेंथ पर गेंदबाजी करने पर ध्यान देना है और उसके एक्शन की वजह से यह अपने आप हो जाता है क्योंकि उसका एक्शन बहुत शानदार है। उसे गेंदबाजी करते और सीम पर गेंद हिट करते हुए देखना बहुत अच्छा लगता है। मुझे हमेशा लगा कि उसका एक्शन थोड़ा मोहम्मद शमी जैसा है।"